होली का पर्व हर्ष उल्लास से मनाया

भीलवाड़ा समाचार 
आकोला (रमेश चंद्र डाड)
कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार शाम होलिका दहन का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। चांदगढ़, जीवाखेड़ा, दोवनी, नाहरगढ़, श्रीपुरा, सोपुरा, होलीरड़ा, हाथीपुरा, खजिना और अड्सीपुरा सहित विभिन्न गांवों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया गया।

आकोला में पंडित कृष्णगोपाल आचार्य द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई गई, जिसके बाद शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे। लोगों ने होलिका की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

होलिका दहन के साथ ही फागोत्सव की शुरुआत हो गई और गांवों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।